अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में संरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन रेल कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इन कर्मचारियों ने अपनी सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा से संभावित रेल दुर्घटनाओं को टाला और सुरक्षित रेल परिचालन में अहम भूमिका निभाई।
यह सम्मान लोको पायलट मनोज कुमार को गाड़ी संख्या 11402 के संचालन के दौरान ट्रैक पर संभावित खतरे की समय रहते पहचान के लिए दिया गया। उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित किया। गार्ड (मालगाड़ी) रंजन कुमार सिंह ने मालगाड़ी संचालन के दौरान वैगन में आई असामान्यता को पहचानकर तत्काल जरूरी कार्रवाई की, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। टेक्नीशियन-III बरौनी सुधीर कुमार वैगन गार्ड की ब्रेक प्रणाली में खराबी का निरीक्षण के दौरान पता लगाया और समय पर मरम्मत कर सुरक्षित परिचालन में योगदान दिया।
जानकारी के अनुसार 13 जुलाई को आयोजित सम्मान समारोह में डीआरएम अमित सरन ने कहा कि रेल संरक्षा प्रत्येक रेलकर्मी की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। सतर्कता, अनुशासन और समर्पण से ही सुरक्षित रेल परिचालन को और सुदृढ़ बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी रेल कर्मचारियों से इसी भावना से कार्य करने का आह्वान किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों ने सम्मानित रेलकर्मियों को बधाई दी और उनके कार्यों को अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक बताया। सोनपुर रेल मंडल प्रशासन का मानना है कि ऐसे सम्मान से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और वे भविष्य में भी संरक्षा के प्रति निष्ठा से कार्य करने को प्रेरित होते हैं।
![]()













Leave a Reply