रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के रानी पोखर स्थित जगन्नाथ नगर इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंग गया है। पांच दिवसीय शिवलिंग स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर 31 मार्च को यहां भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हुए। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। हर कोई भक्ति गीतों पर झूमता-गाता नजर आया।
जानकारी के अनुसार कलश यात्रा जगन्नाथ नगर से शुरू होकर दामोदर नदी तक पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर जल संकल्प लिया और कलश में पवित्र जल भरकर वापस लौटे। पूरे रास्ते हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा, जिससे आसपास का इलाका भी आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
इस आयोजन ने न केवल स्थानीय रहिवासियों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ा, बल्कि सामाजिक एकता का भी सुंदर संदेश दिया। स्थानीय रहिवासियों ने बताया कि ऐसे आयोजन से मन को शांति मिलती है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। पांच दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ शामिल हैं। बताया गया कि आगामी 4 अप्रैल को दरिद्र नारायण भोज एवं ब्राह्मण भोज के साथ इस भव्य आयोजन का समापन किया जायेगा।
![]()













Leave a Reply