प्रतियोगिता में मेजबान डीएवी कथारा का जलवा बरकरार
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के तहत आयोजित दो दिवसीय क्लस्टर-5 स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन 23 जुलाई को बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा के जीएम ग्राउंड में 23 जुलाई को संपन्न हो गया। प्रतियोगिता के तीनों इवेंट में मेजबानी कर रहे डीएवी कथारा का जलवा बरकरार रहा।
उत्साह, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा, डीएवी स्वांग, डीएवी तेनुघाट, डीएवी ललपनिया, डीएवी दुग्दा, डीएवी बीआरएल भंडारीदह एवं डीएवी सरिया सहित कुल सात विद्यालयों के खिलाड़ियों ने सहभागिता कर खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में डीएवी कथारा ने खो-खो, वॉलीबॉल एवं क्रिकेट प्रतियोगिताओं की सफल मेजबानी की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक ऑपरेशन सह विभागाध्यक्ष खनन विनोद कुमार थे। विशिष्ट अतिथियों में कथारा ओपी प्रभारी, ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के प्राचार्य सह डॉ राधाकृष्ण सहोदय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बोकारो के उपाध्यक्ष डॉ आमिर हुसैन, माउंट सियॉन स्कूल के निदेशक संजय ठाकुर तथा सहोदय कॉम्प्लेक्स के सदस्य सह रेनबो पब्लिक स्कूल के विपुल कुमार सिंह उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त डीएवी ललपनिया के प्राचार्य तन्मय
बनर्जी, समाजसेविका सुनीता सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता मनोज सिंह, कथारा के पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी मोहम्मद जानी तथा कथारा क्रिकेट अकादमी के संचालक अशोक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल थे।

समापन कार्यक्रम का शुभारंभ 23 जुलाई की संध्या स्वागत गान से किया गया। छात्राओं ने मनमोहक गुजराती नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद भावपूर्ण विदाई गीत की प्रस्तुति की गई। झारखंड की सांस्कृतिक पहचान से ओतप्रोत नागपुरी लोकगीत पर जम्बल मार्च ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह डीएवी कथारा के प्राचार्य डॉ जी. एन. खान ने उपस्थित मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के प्रति आभार जताया। साथ हीं अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और चरित्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारता है। उनमें आत्मविश्वास बढ़ाता हैं तथा उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के योग्य बनाता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए विजेता एवं प्रतिभागी सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना दी।
मुख्य अतिथि विनोद कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि हार और जीत जीवन का स्वाभाविक हिस्सा है, किंतु सच्चा खिलाड़ी वही है जो खेल भावना को सर्वोपरि रखकर निरंतर आगे बढ़ता है। उन्होंने कथारा के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को अनुशासन, समर्पण एवं लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग में डीएवी स्वांग ने स्वर्ण, डीएवी कथारा ने रजत, अंडर-17 बालिका वर्ग में डीएवी स्वांग ने स्वर्ण, डीएवी कथारा ने रजत, अंडर-19 बालिका वर्ग में डीएवी कथारा ने स्वर्ण, डीएवी स्वांग ने रजत, अंडर-14 बालक वर्ग में डीएवी कथारा ने स्वर्ण, डीएवी स्वांग ने रजत, अंडर-17 बालक वर्ग में डीएवी कथारा ने स्वर्ण, डीएवी स्वांग ने रजत, डीएवी तेनुघाट ने कांस्य, अंडर-19 बालक वर्ग में डीएवी कथारा ने स्वर्ण, डीएवी स्वांग ने रजत पदक हासिल किया।
वहीं खो-खो प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग में डीएवी कथारा ने स्वर्ण, डीएवी ललपनिया ने रजत, अंडर-14 बालक वर्ग में डीएवी तेनुघाट ने स्वर्ण, डीएवी ललपनिया ने रजत, डीएवी स्वांग ने कांस्य, अंडर-17 बालक वर्ग में डीएवी कथारा ने स्वर्ण, डीएवी ललपनिया ने रजत, अंडर-17 बालिका वर्ग में डीएवी ललपनिया ने स्वर्ण, डीएवी दुग्दा ने रजत, अंडर-19 बालक वर्ग में डीएवी कथारा ने स्वर्ण, डीएवी भंडारीदह ने रजत, अंडर-19 बालिका वर्ग में डीएवी कथारा ने स्वर्ण, डीएवी स्वांग ने रजत तथा डीएवी भंडारीदह ने कांस्य पदक हासिल किया।
जबकि, क्रिकेट प्रतियोगिता के अंडर-17 बालक वर्ग में डीएवी दुग्दा ने स्वर्ण, डीएवी ललपनिया ने रजत, अंडर-19 बालक वर्ग में डीएवी कथारा ने स्वर्ण तथा डीएवी स्वांग ने रजत पदक हासिल किया। समारोह के अंत में विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथियों द्वारा पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं उद्घोषक पिंटू तथा अशोक भी सम्मानित किए गये। तत्पश्चात डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स ध्वज को विधिवत उतारा गया तथा आतिशबाजियों की गूंज के बीच प्रतियोगिता के आधिकारिक समापन की घोषणा की गई।

इस भव्य समापन समारोह के आयोजन को सफल बनाने में डीएवी कथारा के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, ए. के. गोस्वामी, बी. के. दसौंधी, राकेश रंजन, रितेश कुमार, जयपाल साव, आराधना, सुजला के., रेखा कुमारी, वीणा कुमारी, मधुमल्लिका उपाध्याय, ओशीन, ममता पात्रा, खुशबू कुमारी, बबली कुमारी, सुमन कुमारी, सुरभि दुबे, पुष्पांजलि राव, अश्विनी कुमार, विकास सिंह ,रंजिता पांडेय, रिया सिन्हा, रीति कुमारी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शारीरिक शिक्षा विभाग का उल्लेखनीय योगदान रहा।
विद्यालय के खेल प्रशिक्षक शिव प्रकाश सिंह एवं ओंकार मिश्रा की अथक मेहनत, कुशल नेतृत्व एवं उत्कृष्ट समन्वय ने पूरे आयोजन को सफल, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन की गरिमा, अनुशासन और खिलाड़ियों के उत्साह ने क्लस्टर-5 खेल महाकुंभ को अविस्मरणीय बना दिया।
![]()













Leave a Reply