Advertisement

राज्य वित्त आयोग की टीम ने की बुंडू पंचायत में विकास योजनाओं की समीक्षा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड राज्य राज्य वित्त आयोग की चार सदस्यीय टीम ने बीते 22 जुलाई को बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के बुंडू पंचायत का दौरा कर पंचायत में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की। टीम का स्वागत मुखिया निहारिका सुकृति ने शॉल ओढ़ाकर एवं पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ किया।

जानकारी के अनुसार दौरे के दौरान आयोग के सदस्यों ने आयोग एवं अन्य मदों से प्राप्त राशि से संचालित विकास योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। आयोग के सदस्य डॉ हरिश्वर दयाल ने पंचायत की स्व-अर्जित आय, केंद्र एवं राज्य सरकार से प्राप्त अनुदान राशि के उपयोग तथा वित्तीय प्रबंधन की जानकारी ली। बैठक में ग्रामसभा द्वारा पारित योजनाओं को ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) में शामिल करने के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं पर चर्चा की गई। आयोग ने इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

टीम ने महिला हितैषी एवं हरित ग्राम योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता और जन भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
इससे पूर्व आयोग की टीम ने पेटरवार प्रखंड सह अंचल कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं की भी समीक्षा की।

मौके पर आयोग के परामर्शदाता कृष्ण मोहन पोद्दार, बरुज आबिद, प्रदान रांची के सौरव दत्ता, बोकारो जिला पंचायती राज पदाधिकारी (डीपीआरओ) सफीक आलम, पेटरवार बीडीओ संतोष कुमार महतो, सीओ अशोक राम, संस्था की ज्योत्स्ना कुमारी, वार्ड सदस्य सहित ग्रामीण महिलाएं एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *