डीडीसी ने की मानीटरिंग, अभियान के तहत 30 अप्रैल तक 42 कलस्टरों में लगेगा शिविर
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त कुलदीप चौधरी (Bokaro District Deputy Commissioner Kuldeep Choudhary) के निर्देश पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) कीर्तीश्री की देख रेख में जिले के विभिन्न विद्यालयों में 21 मार्च को विशेष बैंक शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विभिन्न विद्यालयों के अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का बैंक खाता खोला गया। जिला प्रशासन ने जिले में छूटे हुए लगभग 66 हजार छात्र-छात्राओं का बैंक खाता खोलने का लक्ष्य रखा है।
प्रशासन (Administration) ने इस लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए अभियान मोड में कार्य करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 21 मार्च से 30 अप्रैल तक प्रतिदिन छूटे हुए छात्रों का बैंक खाता खोलने का कार्य चिन्हित कलस्टरों (विद्यालयों) में विशेष बैंक शिविर लगाकर किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का बैंक खाता खोलने को लेकर विभाग द्वारा 42 कलस्टरों को चिन्हित किया गया है। इन कलस्टरों को आसपास के विद्यालयों से टैग कर दिया गया है। जहां प्रतिदिन विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का बैंक खाता खोला जाएगा।
बताया जाता है कि बेरमो प्रखंड में तीन, चास प्रखंड में दस, चंद्रपुरा प्रखंड में चार, चंदनकियारी प्रखंड में छह, गोमियां प्रखंड में पांच, जरीडीह प्रखंड में दो, कसमार प्रखंड में चार, नावाडीह प्रखंड में चार एवं पेटरवार प्रखंड में चार कलस्टर बनाया गया है।
बताया जाता है कि बैंक खाता खुलने से छात्रों को सरकारी योजनाओं जैसे छात्रवृति/पोशाक/एमडीएम आदि की राशि सीधे उनके खाते में डाइरेक्ट बेनीफीट ट्रांसफर (डीबीटी) योजना के तहत जाएगी। वर्तमान में छात्र-छात्राओं का बैंक खाता नहीं होने से राशि हस्तांतरण में काफी परेशानी होती है।
छात्रवृति भुगतान में भी समस्या होती है। इसलिए प्रशासन ने अभियान मोड में प्राथमिक, मध्यमिक, उच्च एवं पल्स टू विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का बैंक खाता खोलने का निर्णय लिया है। पूरे अभियान की मानीटरिंग स्वयं डीडीसी कीर्तीश्री कर रही है।
इसे लेकर डीईओ नीलम आइलीन टोप्पो एवं डीएसई (DSE) रेणुका तिग्गा द्वारा प्रखंडों एवं बैंकों से समन्वय स्थापित कर ससमय लक्ष्य को पूर्ण करने के दिशा में कार्य किया जा रहा है।
![]()












Leave a Reply