Advertisement

टांडाबारी में दो घर जमींदोज, बच्ची समेत तीन दबे, विरोध में सड़क जाम

प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। झारखंड के धनबाद में कोयले के अवैध उत्खनन के कारण लगातार जमीन धंसने की घटना हो रही है। ऐसी घटनाओं में अबतक कई जाने काल कवलित हो गया है। बावजूद इसके प्रशासनिक मिलीभगत के कारण अवैध कोयले का कारोबार धनबाद जिला में बदस्तूर जारी है।

ताज़ा वाकया धनबाद जिला के हद में बीसीसीएल के कतरास क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां अवैध उत्खनन के कारण टांडाबारी में दो घर जमींदोज हो गया। जिसमें एक बच्ची समेत तीन रहिवासियो के दबे होने की सूचना है। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय रहिवासियों ने महुदा राजगंज सड़क मार्ग को जाम कर दिया है।

जानकारी के अनुसार सोनारडीह ओपी क्षेत्र के टांडाबारी में अवैध उत्खनन के कारण 31 मार्च को अचानक जमीन धंसने से दो घर जमींदोज हो गए। बताया जाता है कि मलबे में एक बच्ची सहित तीन रहिवासी दब गए। उनके दबे होने की सूचना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि आसपास के तीन-चार घरों में भी दरारें पड़ने की सूचना है। खतरे को देखते हुए स्थानीय रहिवासी अपने घरों को छोड़कर बाहर निकल गए हैं।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने सोनारडीह ओपी के मुख्य द्वार पर पथराव कर दिया। इसके बाद सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित रहिवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध उत्खनन हो रहा है। बावजूद इसके स्थानीय पुलिस और संबंधित विभाग इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। रहिवासियों का आरोप है कि अवैध उत्खनन के कारण ही जमीन धंसने की घटना हुई है। समाचार प्रेषण तक क्षेत्र में भय और तनाव देखा जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *