Advertisement

तीन आदिवासियों की हत्या के विरोध में तेनुघाट में प्रदर्शन, एसआईटी जांच की मांग

पांच दिन में आरोपियों को गिरफ्तारी नही तो जिला मुख्यालय का घेराव

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। जगेश्वर मांझी परगना संथाल समाज के बैनर तले 13 जुलाई को बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट में एक दिवसीय प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आदिवासी युवक बबलू सोरेन, बाबूराम मुर्मू एवं दीपक सोरेन की हत्या की निष्पक्ष जांच, एसआईटी गठन तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के माध्यम से झारखंड के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के क्रम में समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि बीते माह 4 जून को जिला के हद में ग्राम टिकाहरा, मड़वाडीह के तीन आदिवासी युवकों की कथित रूप से सुनियोजित तरीके से हत्या कर उनका शव राधागांव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया था। उनका आरोप है कि ऐसा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से किया गया।

संघ के दिनेश कुमार मुर्मू ने कहा कि घटना को लगभग डेढ़ माह बीत जाने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गयी है। उन्होंने राज्य सरकार को पांच दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आदिवासी संथाल समाज उग्र आंदोलन करेगा और जिला प्रशासन से लेकर राज्य सरकार तक का घेराव किया जाएगा।

अमित सोरेन ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान समाज की ओर से पीड़ित परिवारों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा, प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, घटना की एसआईटी जांच, पांच दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की गई है। इस अवसर पर पारंपरिक हथियारों के साथ बड़ी संख्या में आदिवासी समाज प्रदर्शन में शामिल हुए। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्या सुनीता टुड्डू, सुरेश मुर्मू, भुनेश्वर केवट, आर डी मांझी, सोहराय किस्कू, बाबूलाल मरांडी, जीवन किस्कू, सुन्दर लाल हांसदा, विनय मुर्मू, विनोद टुडू, कोलेश्वर हांसदा सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्यगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *