Advertisement

एएसडीडी सूची 22 जुलाई तक तैयार कर बीएलए-2 से कराएं अनुमोदन-सीओ

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड कार्यालय में 17 जुलाई को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत एएसडीडी सूची तैयार करने को लेकर बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में मतदाता सूची के शुद्धिकरण, आवश्यक अभिलेखों के सत्यापन तथा एएसडीडी सूची तैयार करने की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी (सीओ) कसमार नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि आगामी 22 जुलाई तक एएसडीडी सूची तैयार कर संबंधित बीएलए-2 से उसका अनुमोदन (अप्रूवल) कराना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही रूप से दर्ज हो तथा कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए सभी बीएलओ घर-घर जाकर सावधानीपूर्वक सत्यापन करें। एएसडीडी सूची समय सीमा के भीतर तैयार कर बीएलए-2 से अनुमोदित कराना सुनिश्चित करें।

प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ एवं वॉलंटियर्स को सूची तैयार करने की तकनीकी प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, रिकॉर्ड संधारण तथा समयबद्ध तरीके से कार्य निष्पादन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने सभी कर्मियों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण में प्रखंड के सभी संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, वॉलंटियर्स एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *