रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के ग्राम पंचायत मंजूरा में आयोजित हरि मंदिर शुद्धिकरण एवं प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ के प्रथम दिन एक अप्रैल को श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर शामिल हुई। पूरे गांव में गाजे-बाजे, भजन-कीर्तन और जयघोष के साथ माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर मंदिर की प्रतिमा के साथ नगर भ्रमण भी निकाला गया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा और स्वागत किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र धार्मिक रंग में सराबोर नजर आया। आयोजित कार्यक्रम में गोमियां के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो विशेष रूप से शामिल हुए।
उन्होंने यज्ञ में भाग लेकर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने इस आयोजन के लिए यज्ञ समिति, आयोजकों एवं सभी ग्रामवासियों को साधुवाद देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं।
ध्यान देने योग्य है कि पूरे क्षेत्र में उक्त आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। गांव का वातावरण भक्ति, उल्लास और श्रद्धा से ओत-प्रोत रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
मंजूरा स्थित हरि मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक समृद्धि का भी संदेश देता नजर आया। आने वाले दिनों में भी इस महायज्ञ को लेकर ग्रामीणों में उत्साह कायम है।
![]()













Leave a Reply