Advertisement

आगामी 15 अप्रैल को नए मंदिर में होगा प्राण प्रतिष्ठा व् भव्य भंडारे का आयोजन

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा स्थित झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन कार्यालय में आगामी 15 अप्रैल को नव निर्मित मंदिर में भगवान हनुमानजी, साईबाबा, गणेशजी एवं माता दुर्गा की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत रूप से की जाएगी।

इस महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन की जानकारी यूनियन कार्यालय में 2 अप्रैल को आयोजित बैठक के दौरान संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय ने मजदूरों को दी। उन्होंने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा का यह कार्यक्रम बनारस से आए विद्वान पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया जाएगा। यह आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र बनेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

यूनियन अध्यक्ष पांडेय ने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन पूजा-अर्चना के उपरांत भव्य भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें सभी मजदूरों, उनके परिवारों तथा स्थानीय रहिवासियों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने सभी उपस्थित मजदूरों से अपील की कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक लाभ प्राप्त करें और आयोजन को सफल बनाएं। बैठक में उपस्थित मजदूरों ने भी इस आयोजन को लेकर उत्साह व्यक्त किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग देने का आश्वासन दिया। कहा गया कि यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला साबित होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *