प्रेस वार्ता कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने दी जानकारी
प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के जमुनिया नदी से बरामद महिला के शव मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने महिला के हत्या मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
जिला के हद में बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट स्थित कार्यालय में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वशिष्ठ नारायण सिंह द्वारा 25 अप्रैल को पत्रकार वार्ता कर पत्रकारों को बताया गया कि पुलिस ने महिला के हत्यारे को गिरफ्तार किया है।
एसडीपीओ सिंह ने बताया कि बीते 23 अप्रैल को चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के तरंगा पंचायत के चिरुबाद से सटे जमुनिया नदी में प्लास्टिक बोरा में बंद अवस्था में एक अज्ञात महिला का शव तैरता पाया गया था। इस संबंध में चंद्रपुरा थाना में कांड क्रमांक-45/26 धारा 103(1)/238 बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात के विरुद्ध कांड दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक बोकारो के आदेशानुसार उनके निर्देशानुसार कांड उद्भेदन हेतु एक विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम द्वारा लगातार तकनिकी आसूचना तथा गुप्तचरों से संपर्क कर कांड उद्भेदन हेतु प्रयास किया गया। इसी क्रम में बीते 24 अप्रैल को अनुसंधान के क्रम में ज्ञात हुआ कि चास थाना क्षेत्र से एक महिला बीते 20 अप्रैल को गुमशुदा हुई थी। मृतका का अंत्यपरीक्षण कराकर पहचान हेतु मृतका के शव को डीवीसी के चंद्रपुरा अस्पताल के शव गृह में रखा गया था। मृतका बेबी देवी के पति एवं बेटे द्वारा शव का पहचान किया गया तथा शिनाख्त के बाद उनके परिजनों द्वारा संदेह जताने पर तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी गुड्डू बरनवाल उर्फ मुकेश एवं अनील कुमार को सेक्टर नाइन से पकड़ा गया।
कहा कि आरोपियों की निशानदेही पर अग्रतर अनुसंधान के क्रम में कांड में प्रयोग किया गया स्विफ्ट कार के साथ दो अन्य अभियुक्त शौकत रजा उर्फ गुड्डू अंसारी तथा जलेश्वर महतो को गिरफ्तार किया गया। जिसके बाद इनके द्वारा अपने अपराध स्वीकारोक्ति में चालीस हजार रुपए लेकर बेबी देवी का हत्या कर शव ठिकाने लगाने के लिए गुड्डू बरनवाल उर्फ मुकेश कुमार से सुपाड़ी लेने की बात बताई गई।
एसडीपीओ सिंह ने बताया कि बरामद कार से मृत महिला की लंबी बाल एवं पीछे की सीट से खून का निशान भी पाया गया, जिसे विधिवत जप्त किया गया। इस प्रकार इस घटना के उद्भेदन में पूछताछ के क्रम में ज्ञात हुआ कि मृतका एवं गुड्डू बरनवाल के बीच पूर्व से जान पहचान थी। आपसी विवाद के चलते गुड्डू ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया तथा शव का पहचान मिटाने हेतु बोरा में बंद कर जमुनिया नदी में फेंक दिया।
एसडीपीओ के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर नाइन नियर काली बाड़ी क्वाटर नं 2132 रहिवासी गुड्डू बरनवाल उर्फ मुकेश कुमार, शौकत रजा उर्फ गुड्डू अंसारी, रानीपोखर रामडीह बस्ती रहिवासी जागेश्वर महतो, रायडीह मोड़ रहिवासी अनील कुमार तथा जरीडीह थाना क्षेत्र के जैनामोड़ रहिवासी विवेक कुमार शामिल है। बताया कि पुलिस द्वारा बरामद सामान में घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक-JH09BG/6008 एवं उसके अंदर बिखरे लम्बे बाल तथा 6 मोबाइल फोन शामिल है।
बताया कि छापामारी दल में शामिल पुलिस टीम में पुलिस उपाधिक्षक सह पुलिस निरीक्षक बेरमो अंचल नवल किशोर सिंह, थाना प्रभारी चास रवि शंकर, थाना प्रभारी चंद्रपुरा विक्रम कुमार, बोकारो झरिया ओपी प्रभारी श्रीनिवास कुमार सिंह, थाना प्रभारी नावाडीह अमित कुमार सोनी, थाना प्रभारी दुग्दा मनीष कुमार, चंद्रपुरा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक महावीर उरांव, चास थाना के धीरज कुमार सिंह, चंद्रपुरा थाना के पुअनि कुंदन कुमार पासवान, पुअनि प्रवीण महतो, तकनीकी शाखा बोकारो सहित चंद्रपुरा तथा चास थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।
![]()













Leave a Reply