प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो में रेलवे ट्रैक पर 4 जून क़ो एकसाथ तीन युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना बोकारो रेलवे स्टेशन से लगभग 8-9 किलोमीटर दूर राधानगर पंचायत के लावाटांड़ क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही जीआरपी बोकारो पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार घटना पोल संख्या 398/16-17 के पास की है। ट्रैक से लगभग 100 मीटर दूर एक काले रंग की मोटरसाइकिल क्रमांक-JH09AY/2139, शराब की बोतलें और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। शुरुआती जांच में ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी ठोस निष्कर्ष से इनकार किया है।
मृतकों की पहचान 19 वर्षीय बबलू सोरेन, 20 वर्षीय दीपक सोरेन और 19 वर्षीय बाबूराम मुर्मू के रूप में की ज्ञ है। तीनों बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के रहने वाले थे और दिहाड़ी मजदूरी करते थे। उक्त घटना की सूचना जीआरपी को 4 जून की सुबह लगभग 3:30 बजे मिली, जबकि हादसा 3-4 जून की रात 1:30 से 2 बजे के बीच होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतको के परिजनों के अनुसार, बबलू सोरेन का एक युवती से प्रेम संबंध था और घटना की रात भी वह फोन पर बात कर रहा था। वहीं, दीपक के भाई ने बताया कि तीनों दोस्त शाम को साथ बैठे थे और किसी फोन कॉल के बाद रात में घर से निकले थे। फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है कि यह महज हादसा है या इसके पीछे कोई और कारण।
![]()













Leave a Reply