प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। मिथिला अकादमी पब्लिक स्कूल बोकारो में 30 मार्च को नर्सरी से कक्षा नवमी तक के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की परंपरा के अनुसार दीप प्रज्ज्वलन, जय-जय भैरवी प्रार्थना, स्वागत गीत एवं स्वागत नृत्य की प्रस्तुति के साथ की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने नए विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उक्त कार्यक्रम के माध्यम से न केवल बच्चों का स्वागत किया गया, बल्कि अभिभावकों को विद्यालय की कार्यप्रणाली तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
विद्यालय के प्राचार्य अमर प्रसाद ने नए अभिभावकों को विद्यालय के बुनियादी नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नर्सरी कक्षा के पाठ्यक्रम पर चर्चा करते हुए बताया कि विद्यालय का मुख्य फोकस गतिविधि-आधारित शिक्षा, सतत मूल्यांकन तथा बच्चों में सामाजिक जागरूकता एवं निर्णय क्षमता का विकास करना है।
उप-प्राचार्य देव दुलाल मित्रा ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की तुलना दूसरों से नहीं करनी चाहिए, बल्कि उनके मानसिक और व्यक्तिगत विकास पर विशेष ध्यान देना चाहिए। विद्यालय के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए माता-पिता और शिक्षकों का संयुक्त प्रयास अत्यंत आवश्यक है। साथ ही बच्चों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करना भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि विद्यालय इस दिशा में निरंतर सकारात्मक कार्य कर रहा है तथा कक्षा प्रबंधन को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विद्यालय के सचिव दिलीप कुमार झा ने विद्यार्थियों को तनाव मुक्त रहने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने छात्रों को सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने, पर्याप्त नींद लेने, बिना तनाव के पढ़ाई करने तथा योग एवं ध्यान अपनाने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं परिवार के सदस्यों के साथ साझा करने के लिए भी प्रेरित किया।
![]()













Leave a Reply