रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड मुख्यालय में 25 जुलाई को कल्याण विभाग द्वारा राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना उन्नति का पहिया के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गोमिया की पूर्व विधायक बबीता देवी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के 1,144 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने, विद्यालय तक उनकी पहुंच आसान बनाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों की पढ़ाई में नियमितता आएगी और उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी।
पूर्व विधायक बबीता देवी ने कहा कि राज्य सरकार की उन्नति का पहिया योजना विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम है। सभी छात्र-छात्रा मन लगाकर पढ़ाई करें, अनुशासन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ें तथा अपने माता-पिता, क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन करें। कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है। सरकार की यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए बेहद लाभकारी है।

कहा कि साइकिल मिलने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंच सकेंगे। प्रखंड विकास पदाधिकारी नम्रता जोशी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि सरकार की सभी जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पात्र लाभुकों तक पहुंचे। विद्यार्थी इस अवसर का लाभ उठाकर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करें। वहीं 20 सूत्री प्रखंड अध्यक्ष दिलीप हेंब्रम ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सकारात्मक पहल कर रही है। उन्नति का पहिया योजना ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। साइकिल मिलने से बच्चों की पढ़ाई में आने वाली दूरी की बाधा समाप्त होगी और वे अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए और अधिक प्रेरित होंगे।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शेरे आलम ने कहा कि सरकार की यह योजना शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने वाली है। इससे विद्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति में कमी आएगी और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और साइकिल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
![]()













Leave a Reply