Advertisement

प्रकृति रक्षण ने राजकीयकृत उच्च विद्यालय बोड़ेया में चलाया पर्यावरण जागरूकता

अभियान में विद्यार्थियों में दिखा प्रकृति संरक्षण के प्रति विशेष उत्साह

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। प्राकृतिक रक्षण द्वारा 14 जुलाई को झारखंड की राजधानी रांची के राजकीयकृत उच्च विद्यालय बोड़ेया में एक प्रभावशाली पर्यावरण जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें अपने विद्यालय, घर और समाज में ग्राउंड लेवल पर वास्तविक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में प्रकृति रक्षण के संस्थापक बबलू आनंद महतो ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है। उन्होंने पौधारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त जीवन से जुड़े कई वास्तविक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बच्चों को अपने आसपास से ही बदलाव की शुरुआत करने का संदेश दिया। उनके प्रेरणादायक संबोधन से विद्यार्थियों में प्रकृति के संरक्षण के प्रति विशेष उत्साह और नई ऊर्जा देखने को मिली। इस अवसर पर प्राकृतिक रक्षण की टीम के सदस्य आयुष कुमार, आरंभ, उत्कर्ष कुमार, अभिषेक, जितेंद्र एवं सचिन ने भी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्हें अपने परिवार तथा समाज में भी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं सभी शिक्षकगणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, सामाजिक चेतना और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा प्राकृतिक रक्षण के इस जन-जागरूकता अभियान का उत्साहपूर्वक समर्थन किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *