आदर्शनगर की सड़क पर जल जमाव, यात्रियों, वाहनों का आवागमन बाधित
एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। अजब समस्तीपुर का गजब हैं नगर निगम। यहां के विवेक-विहार मुहल्ला के दक्षिण सीमा पर स्थित आदर्शनगर वार्ड संख्या-40 की सड़क पर लगातार जलजमाव से स्थानीय रहिवासियों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। स्थिति ऐसी है कि वर्षा ऋतु में यह सड़क लगभग चार महीने तक आवागमन के लिए अनुपयोगी बनी रहती है। पैदल यात्री तो इस सड़क से गुजरने से बचते ही हैं, वाहन चालक भी जलजमाव, कीचड़ एवं सरांध के कारण इस मार्ग का उपयोग करने में कतराते हैं।
भाकपा माले की एक टीम ने 12 जुलाई को मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की यह सड़क क्रांति होटल के समीप मोहनपुर रोड मुख्य मार्ग से विवेक विहार मुहल्ला होते आदर्शनगर को जोड़ते हुए पंचवटी चौक स्थित मुख्य मार्ग से जोड़ने में अति महत्वपूर्ण सड़क है। बाबजूद इसके यह सड़क नगर निगम समस्तीपुर द्वारा वर्षों से उपेक्षा का शिकार है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हल्की बारिश में भी उक्त सड़क पर पानी जमा हो जाता है और रहिवासियों तथा राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

माले नेता ने आरोप लगाया कि नगर निगम के आयुक्त, मेयर, उप मेयर तथा संबंधित वार्ड पार्षद इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कई बार स्थानीय रहिवासियों द्वारा शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। माले टीम ने नगर निगम प्रशासन से युद्धस्तर पर सड़क एवं नाला निर्माण कार्य शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो स्थानीय रहिवासियों के साथ आंदोलन चलाया जाएगा।
मौके पर मौजूद जनों ने बताया कि जल जमाव के कारण स्थानीय बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक कठिनाई होती है। कहा गया कि बरसात के दिनों में यह सड़क पूरी तरह तालाब का रूप ले लेती है। स्थानीय रहिवासियों ने भी नगर निगम से अविलंब सड़क और नाला निर्माण कराने की मांग की है।
![]()













Leave a Reply