Advertisement

गैस सिलिंडर 25 दिन में उपलब्ध कराने की मांग को ले डीएम को सौंपा ज्ञापन

ताजपुर शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को मिले सिलिंडर अन्यथा आंदोलन-सुरेंद्र

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर शहरी क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति में हो रही देरी को लेकर भाकपा माले ने जिलाधिकारी से 25 दिन के भीतर गैस सिलिंडर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराने की मांग की है।

इस संबंध में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा है कि ताजपुर शहर में उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है, जिससे आम जनों को काफी परेशानियों का सामना करना पर रहा है। भाकपा माले के ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने ज्ञापन के माध्यम से कहा है कि ताजपुर वर्ष 2021 से नगर परिषद क्षेत्र है।

यहां होल्डिंग टैक्स, बिजली बिल, जमीन रजिस्ट्री आदि शहरी क्षेत्र के अनुसार लगता है। पेट्रोलियम मंत्रालय का प्रावधान 45 दिन में ग्रामीण क्षेत्र एवं 25 दिन में शहरी क्षेत्र में गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने का है, जबकि शहरी क्षेत्र होने के बाबजूद ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र में गैस एजेंसी 45 दिन में उपलब्ध कराते हैं। कहा गया कि पूछने पर ऐजेंसी संचालक पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा ताजपुर को शहरी क्षेत्र में शामिल नहीं किया जाना बताते हैं। यह ताजपुर नगर परिषद के साथ अन्याय है और इसे सुधार कर उपभोक्ताओं को 25 दिन में सिलिंडर आपूर्ति करवाना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

माले नेता ने कहा है कि उपभोक्ताओं को एक सिलिंडर के लिए 45 दिनों तक इंतजार करना पड़ता है। इससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है और रहिवासियों को महंगे दामों पर वैकल्पिक व्यवस्था करने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसियों की जांच कर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा बुकिंग अवधि 25 दिन कराते हुए अधिकतम 25 दिनों के भीतर सिलिंडर उपलब्ध कराया जाए। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्वकर्ता माले सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भाकपा माले आम उपभोक्ताओं को साथ लेकर आंदोलन शुरू करेगी।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *