फतेहपुर में खेग्रामस का तीन दिवसीय अभियान में 300 से अधिक ने ली सदस्यता
एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड के फतेहपुर गांव में बिहार प्रदेश खेत मजदूर सभा (खेग्रामस) का तीन दिवसीय विशेष सदस्यता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। अभियान के दौरान 300 से अधिक दलित, गरीब एवं मेहनतकश ग्रामीणों ने खेग्रामस की सदस्यता ग्रहण की।
सदस्यता अभियान का नेतृत्व भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, अखिल भारतीय किसान महासभा प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, किसान नेता मनोज कुमार सिंह, रंजीत सिंह एवं चंद्रशेखर कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान नेताओं ने ग्रामीणों के बीच संगठन की नीतियों एवं जनसंघर्षों की जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों के लिए संगठित होने का आह्वान किया। सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि खेतीहर मज़दूरों की हकमारी के खिलाफ बुलंद आवाज है खेग्रामस।

कहा कि आज भी बड़ी संख्या में भूमिहीन परिवार वासभूमि और आवास से वंचित हैं। गरीबों को जमीन का पर्चा नहीं मिल रहा है, मनरेगा में पर्याप्त काम उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है तथा बड़ी संख्या में पात्र परिवारों के राशन कार्ड रद्द कर दिए गए हैं। उन्होंने सरकार से भूमिहीनों को वासभूमि एवं आवास उपलब्ध कराने, पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने, मनरेगा में नियमित काम देने तथा रद्द राशन कार्डों को अविलंब पुनर्बहाल करने की मांग की।
मौके पर नेताओं ने घोषणा की कि इन मांगों को लेकर आगामी 25 जुलाई को ताजपुर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने फतेहपुर सहित पूरे क्षेत्र के दलितों, गरीबों, खेत मजदूरों और ग्रामीणों से बड़ी संख्या में भाग लेकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
अभियान के दौरान ग्रामीणों में संगठन के प्रति उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में रहिवासियों ने अपने अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का संकल्प लिया।
![]()













Leave a Reply