Advertisement

भाजपा की मासिक बैठक में खैराचातर मंडल अध्यक्ष और मंडल महामंत्री सम्मानित

ए. जायसवाल/पेटरवार (बोकारो)। भारतीय जनता पार्टी बोकारो जिला की मासिक बैठक 11 जुलाई को पेटरवार प्रखंड के वंश भानगढ़ में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती,आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, बूथ सशक्तिकरण अभियान तथा केंद्र एवं राज्य सरकार से जुड़े जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान खैराचातर मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार महतो और मंडल महामंत्री अनीश जायसवाल को संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने और पार्टी को मजबूत करने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर दोनों नेताओं ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर आनंद कुमार महतो ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि खैराचातर मंडल के सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। मंडल महामंत्री अनीश जायसवाल ने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रियता से ही संगठन और अधिक सशक्त होगा।

बैठक में जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उपस्थित वक्ताओं ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं जन-जन तक पहुंचाने पर बल देते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजनों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न मंडलों में चल रहे कार्यों की जानकारी ली गई। बैठक में कार्यकर्ताओं के सुझाव भी लिए गए और उन्हें पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ संगठन हित में कार्य करने का संदेश दिया गया। बैठक का समापन संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के संकल्प के साथ किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *