Advertisement

युवा शक्ति से सशक्त होगा झारखंड, जनसेवा ही आजसू का मूल उद्देश्य-सुदेश महतो

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। पूर्वी सिंहभूम जिला के हद में सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल जमशेदपुर में आयोजित युवा आजसू के राज्य स्तरीय दो दिवसीय अधिवेशन के प्रथम दिवस 7 अगस्त को पूरे झारखंड से हजारों युवा कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

अधिवेशन में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, मांडू विधायक निर्मल महतो तथा आजसू के केंद्रीय सदस्य राजेश विश्वकर्मा ने युवाओं को संगठन की मजबूती, नेतृत्व क्षमता और झारखंड के विकास में उनकी भूमिका को लेकर संबोधित किया।

इस अवसर पर आजसू केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि झारखंड का भविष्य युवाओं के हाथों में है। आज का युवा केवल अपने भविष्य की चिंता करने वाला नहीं, बल्कि समाज और राज्य के विकास का नेतृत्व करने वाला होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी युवाओं को नेतृत्व देने, उनके व्यक्तित्व का विकास करने और जनसेवा के माध्यम से समाज परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि युवा शक्ति यदि सकारात्मक सोच, अनुशासन, समर्पण और संघर्ष की भावना के साथ आगे बढ़ेगी तो झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में अपनी अलग पहचान बनाएगा। कहा कि हमें गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करते हुए जन समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करना होगा।

पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि युवा किसी भी राज्य की सबसे बड़ी ताकत होता है। झारखंड के युवाओं में अपार ऊर्जा, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता है। उन्हें सही दिशा और अवसर प्रदान करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कहा कि आजसू पार्टी युवाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और सामाजिक नेतृत्व से जोड़ने का कार्य लगातार कर रही है। उन्होंने कहा कि आज के अधिवेशन में युवाओं का उत्साह यह दर्शाता है कि आने वाले समय में झारखंड का युवा राज्य के विकास और समाज निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

मांडू विधायक निर्मल महतो ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही मजबूत संगठन और मजबूत झारखंड का निर्माण संभव है। कहा कि आजसू पार्टी युवाओं को केवल राजनीति नहीं, बल्कि समाज सेवा और जनहित के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक युवा को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। कहा कि जब युवा जागरूक और संगठित होंगे, तभी झारखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

मौके पर आजसू के केंद्रीय सदस्य राजेश विश्वकर्मा ने कहा कि युवा आजसू का यह राज्य स्तरीय अधिवेशन संगठन के लिए नई ऊर्जा और नई दिशा लेकर आया है। यहां से मिले मार्गदर्शन को प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंचाएंगे और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि आजसू केंद्रीय अध्यक्ष का संदेश प्रत्येक युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमें युवाओं को जनसेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और झारखंड के विकास के मिशन से जोड़ते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाना है।

अधिवेशन के प्रथम दिवस का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, युवाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने तथा विकसित और समृद्ध झारखंड के निर्माण के संकल्प के साथ किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *