Advertisement

कसमार प्रखंड के विभिन्न बूथों का एईआरओ द्वारा बीएलओ बैठक का निरीक्षण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 14 जुलाई को प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों पर एईआरओ (सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी) नरेन्द्र कुमार सिंह द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला की टीम के साथ बीएलओ की बैठक का जायजा लिया गया।

जानकारी के अनुसार निर्धारित कार्यक्रम के तहत सभी बूथों पर सुबह 11 बजे से 12 बजे तक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रह, डिजिटाइजेशन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, त्रुटि सुधार तथा पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एईआरओ द्वारा बीएलओ, बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला की टीम को समन्वय के साथ कार्य करने, प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित बनाने के लिए गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सभी की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में बूथ संख्या 293 एवं 299 ने हासिल की शत-प्रतिशत उपलब्धि

एक अन्य जानकारी के अनुसार कसमार प्रखंड के गोमिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 293 नव प्राथमिक विद्यालय नोवाजारा उर्दू एवं बूथ संख्या 299 उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरईखुर्द ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गणना प्रपत्र के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

बताया जाता है कि बूथ संख्या 293 की बीएलओ सहुदा खातून तथा बूथ संख्या 299 की बीएलओ शकुंतला देवी के अथक प्रयास, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के कारण दोनों बूथों पर यह महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित समय के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इसके साथ ही दोनों बूथ कसमार प्रखंड ही नहीं, बल्कि पूरे बोकारो जिले में गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण करने वाले अग्रणी बूथों में शामिल हो गए हैं।

इस उपलब्धि पर सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी कसमार ने दोनों बीएलओ को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सहुदा खातून एवं शकुंतला देवी ने अपनी जिम्मेदारियों का उत्कृष्ट निर्वहन कर अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणास्रोत बनने का कार्य किया है।

अंचल अधिकारी ने दोनों बीएलओ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी तथा कहा कि इसी प्रकार की निष्ठा और प्रतिबद्धता से निर्वाचन संबंधी कार्यों को सफलतापूर्वक संपादित किया जा सकता है। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने भी दोनों बीएलओ की सराहना करते हुए उनके कार्य की प्रशंसा की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *