अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। ज्ञान, विज्ञान, ईमान, अरमान और सम्मान, इन पांच मापदंडों पर जब सार्थक विकास फलीभूत होता है, तो समाज को एक नई दिशा मिलती है। यह विचार बिहार के उप मुख्यमंत्री-सह- प्रभारी मंत्री (सारण) विजेन्द्र प्रसाद यादव ने 15 जुलाई को सारण जिला के हद में सोनपुर अनुमंडल के दरियापुर स्थित दरिहारा डिग्री कॉलेज के उद्घाटन समारोह में व्यक्त किए।
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा सात निश्चय-3 के चौथे निश्चय के अंतर्गत शिक्षा के आधार को सशक्त बनाने की पहल की गई थी। इसके तहत पहले सभी अनुमंडलों में डिग्री महाविद्यालय स्थापित करने का प्रस्ताव था, जिसे बाद में प्रखंड स्तर तक विस्तारित करने पर सहमति बनी। आज यह संकल्प पूर्ण हुआ है।

उन्होंने बताया कि बिहार के 211 प्रखंडों में स्थापित डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन भागलपुर के गोराडीह से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। दरियापुर के दरिहारा डिग्री महाविद्यालय के उद्घाटन के अवसर पर मंत्री ने सारण जिले के विकास पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सारण के आठ अन्य प्रखंडों यथा मसरख, मढ़ौरा, तरैया, लहलादपुर, पानापुर, एकमा, इसुआपुर और मकेर में डिग्री महाविद्यालयों की स्थापना से जिले में शिक्षा का एक सुदृढ़ आधार विकसित हुआ है। इसका सर्वाधिक लाभ स्थानीय रहिवासियों, विशेषकर महिलाओं को मिलेगा, जिससे उच्च शिक्षा की राह और अधिक सुगम हो सकेगी।
![]()













Leave a Reply