Advertisement

शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, 85 हजार नकद समेत लाखो की सामग्री खाक

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के बिरसा में 24 अप्रैल को शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गयी। आग से घर में रखा 85 हजार नगद समेत गृहस्थी का लाखो का सामान जलकर खाक हो गया। पड़ोसियों ने कड़ी मेहनत कर बुझाई आग।

जानकारी के अनुसार गोमिया थाना क्षेत्र के तुलबुल पंचायत के बिरसा गांव में शॉर्ट सर्किट से रहिवासी किसान सुरेश यादव के बंद घर में आग लग गई। हादसे में घर बनाने के लिए रखे 85 हजार रुपये नकद समेत घर का कई कीमती सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

बताया जाता है कि पीड़ित सुरेश यादव निजी सुरक्षा गार्ड का भी काम करते हैं। घटना के समय वह जानवरों के लिए चारा लाने जंगल गए थे। घर में सिर्फ बुजुर्ग मां थीं, जो घर के दूसरे हिस्से में काम में व्यस्त थीं। इस दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। बताया जाता है कि पड़ोसियों ने जब घर से धुआं उठता देखा तो शोर मचाया और आग बुझाने दौड़े। रहिवासीयों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

इस आग में घर बनाने के लिए रखे 85 हजार रुपये नकद, कपड़े, बर्तन, पलंग और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गए। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। पीड़ित परिवार ने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही रहिवासीयों ने बिजली विभाग से गांव में जर्जर विद्युत तार को बदलने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हों।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *