Advertisement

प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्रों का सम्मान, शिक्षा के प्रति समर्पण का संदेश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के ग्राम उत्तासारा में द लर्निंग रुम इंस्टीट्यूट द्वारा 28 अप्रैल को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में कक्षा 10 के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोकारो जिला बीस सूत्री पुर्व उपाध्यक्ष लक्ष्मण कुमार नायक ने मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिप सदस्य प्रह्लाद महतो, मुखिया देवेंद्र नायक, अभिभावक प्रतिनिधि बिरेंद्र कुमार, अबोध कुमार, कौशल कुमार, शिक्षक किशोरी प्रसाद, अधिवक्ता बिशेश्वर यादव सहित कई गणमान्य उपस्थित थे। समारोह का संचालन संस्थान के निदेशक विवेक कुमार ने किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि लक्ष्मण कुमार नायक ने कहा कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती, बल्कि मेहनत और लगन से ही सफलता प्राप्त होती है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाते हैं। जिप सदस्य प्रह्लाद महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के आयोजन सराहनीय हैं, इससे बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और वे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं। मुखिया देवेंद्र नायक ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की असली कुंजी है। मेधावी छात्रों का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित करना बहुत जरूरी है।

मौके पर अभिभावक प्रतिनिधि बिरेंद्र कुमार ने कहा कि अभिभावकों की भूमिका भी बच्चों की सफलता में अहम होती है। बच्चों को सही दिशा और सहयोग देना जरूरी है। अधिवक्ता बिशेश्वर यादव ने कहा कि छात्रों को अनुशासन और निरंतर अध्ययन के माध्यम से अपने लक्ष्य को प्राप्त करना चाहिए। संस्थान निदेशक ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य केवल शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए मंच प्रदान करना भी है।

कहा कि यहां आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *