Advertisement

हरिहर क्षेत्र कार्तिक पूर्णिमा मेला सोनपुर रेल मंडल के लिए गौरव का विषय-अमित सरन

हरिहर क्षेत्र मेला में सोनपुर रेल मंडल का उत्कृष्ट प्रबंधन और उल्लेखनीय सफलता

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर के हरिहर क्षेत्र कार्तिक पूर्णिमा मेला के अवसर पर सोनपुर रेल मंडल में यात्रियों की वृद्धि रेखांकित की गई है। पिछले वर्ष 2024 में मेला अवधि के दौरान कुल 57,244 यात्रियों ने यहां यात्रा की थी, जबम इस वर्ष 2025 में अबतक यह संख्या बढ़कर 58,241 यात्रियों तक पहुंच गई। यह वृद्धि यात्रियों के विश्वास, सेवाओं की गुणवत्ता और रेल मंडल की बेहतर तैयारियों का परिणाम बताया गया है।

रेल यात्रियों की इस उल्लेखनीय वृद्धि सोनपुर रेल मंडल की अपनी उत्कृष्ट प्रशासनिक दक्षता, समन्वय और यात्री-केंद्रित दृष्टिकोण का अद्वितीय उदाहरण है। इस वर्ष मेला अवधि में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि के साथ-साथ संपूर्ण व्यवस्था सुचारु, सुरक्षित और संतोषजनक रहीं, जो मंडल की सूक्ष्म योजना और प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है।

मेला क्षेत्र में नॉन-फेयर रेवेन्यू (एनएफआर) के अंतर्गत विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों यथा स्टॉल, गेमिंग ज़ोन, कैंटीन इत्यादि की नीलामी की गई, जिससे रेलवे को ₹18,95,077 की अतिरिक्त आय प्राप्त होगी। यह राशि रेलवे के वैकल्पिक राजस्व स्रोतों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय उपलब्धि है। इसके अलावा कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक एवं पूर्व-नियोजित कदम उठाए गए। इस दौरान कुल 5 विशेष ट्रेनें संचालित की गईं तथा 21 नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त ठहराव किया गया।

यह भी जानकारी दी गयी कि सोनपुर एवं हाजीपुर स्टेशनों पर दो बड़े होल्डिंग एरिया बनाए गए, जिनमें बैठने, प्रकाश, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था रही। यात्रियों की टिकट सुविधा के लिए 16 अतिरिक्त टिकट खिड़कियां और 6 मोबाइल टिकटिंग यूनिट (एमयुटीएस) संचालित की गई। यात्रियों को राहत प्रदान करने के लिए एनजीओ द्वारा निःशुल्क खाद्य पैकेट एवं पेयजल वितरण किया गया। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, फायर ब्रिगेड एवं मेडिकल टीम की सतत उपस्थिति तथा सुरक्षित वाहन पार्किंग व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से आरपीएफ, जीआरपी, सीआरपीएफ एवं अन्य एजेंसियों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित किया गया। सभी कर्मियों को सेफ्टी जैकेट एवं पहचान चिह्नों के साथ तैनात किया गया, जिससे रेल यात्रियों को हर स्तर पर सुरक्षा और सहायता मिलती रही। इसके अलावा भीड़ नियंत्रण, सफाई, यातायात एवं टिकट जांच संबंधी कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों को विशेष प्रशंसा दी गई।

सोनपुर रेल मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार द्वारा आरपीएफ सोनपुर की सब-इंस्पेक्टर स्नेहा कुमारी, जीआरपी थानाध्यक्ष मंजू देवी, मुख्य वाणिज्य लिपिक अनिता कुमारी, वाणिज्य लिपिक संजीव कुमार, टीटीई अरुण कुमार सिंह, एन.के. सिंह, डीसीआई सोनपुर अशोक कुमार, डीसीआई हाजीपुर धनंजय कुमार, डीसीआई कुणाल कुमार को उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। इन कर्मियों द्वारा कुल 2500, 2124, 404 एवं 335 यात्रियों से टिकट एवं जुर्माना वसूल कर मंडल के राजस्व में उल्लेखनीय योगदान किया गया है।

सोनपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने मेला आयोजन के दौरान सभी विभागों द्वारा किए गए सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हरिहर क्षेत्र कार्तिक पूर्णिमा मेला सोनपुर रेल मंडल के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि रेलवे के सभी विभागों ने उत्कृष्ट समन्वय, जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ कार्य किया है, जिसके परिणामस्वरूप मेला अवधि पूर्णतः सुरक्षित, सुचारु एवं घटना-मुक्त रही। कहा कि यात्रियों की संतुष्टि हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।

डीआरएम सरन ने यह भी घोषणा की कि भीड़ नियंत्रण एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से वाणिज्य विभाग सहित सभी सहयोगी विभागों को उनकी टीम भावना एवं पेशेवर दक्षता के लिए साधुवाद दी। कहा कि मेला अवधि के दौरान रेल यात्रियों द्वारा दी गई प्रतिक्रिया अत्यंत सकारात्मक रहीं।

उन्होंने बताया कि 52 वर्षीय मालती देवी जो छपरा से गंगा स्नान के लिए सोनपुर आई थी, उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे बीते कई वर्षों से कार्तिक पूर्णिमा मेले में आ रही है, लेकिन इस बार सोनपुर रेलवे की व्यवस्था सबसे बेहतर रहीं। रात में मुफ्त होल्डिंग एरिया में परिवार सहित ठहरने की सुविधा, सुबह एनजीओ द्वारा दिया गया नाश्ता और पीने का पानी, हर जगह मौजूद सुरक्षा कर्मी और स्वयंसेवक सब कुछ व्यवस्थित और सुरक्षित था। ऐसा लगा जैसे अपने गांव के मेले में आए हों। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए यह अनुभव अत्यंत सुरक्षित और संतोषजनक रहा। वे सोनपुर रेल मंडल और उसकी टीम को हृदय से साधुवाद देते है।

ज्ञात हो कि इन सभी तैयारियों एवं प्रबंधों की सतत निगरानी मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के कुशल नेतृत्व में की गई। सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी चौबीसों घंटे तत्परता और समर्पण के साथ कार्यरत रहे, जिसके परिणामस्वरूप हरिहर क्षेत्र कार्तिक पूर्णिमा पूर्णतः सफल, सुरक्षित और घटना-मुक्त संपन्न हो सका है। ध्यान देने योग्य है कि कार्तिक पूर्णिमा मेला अभी चल रहा है और यह आगामी 11 दिसंबर तक चलेगा। जिसमें प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु मेला घूमने आ रहे हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *