रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगदा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में 7 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी खैराचातर मंडल की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार महतो ने की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य लक्ष्मण कुमार नायक एवं मंडल प्रभारी आशीष बनर्जी उपस्थित रहे। बैठक में मंडल महामंत्री अनीश जायसवाल, मंडल पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, सह-संयोजक एवं बूथ अध्यक्षों ने भाग लिया।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है।
संगठन की मजबूती बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही संभव है। प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का कार्य पूरी निष्ठा से करें तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। मंडल प्रभारी बनर्जी ने कहा कि संगठन की नियमित बैठकें कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और समन्वय का कार्य करती हैं। सभी पदाधिकारी आपसी तालमेल के साथ गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चलाएं और संगठन विस्तार के लिए निरंतर कार्य करें।
मंडल अध्यक्ष महतो ने कहा कि खैराचातर मंडल के सभी कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे। मंडल महामंत्री अनीश जायसवाल ने कहा कि बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है। सभी कार्यकर्ताओं को समयबद्ध तरीके से जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, ताकि प्रत्येक कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। मौके पर मनोहर महतो, किशोर कुमार महतो, सुरेन महतो, प्रफुल्ल कुमार महतो, कमल दास, राजकिशोर महतो शामिल थे।
![]()













Leave a Reply