Advertisement

मजदूरों के सुख, सुविधा व् सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाएगा-जीएम

प्रबंधन मजदूरो को मिलने वाली सुविधाओं मे लगातार कटौती कर रहा है-यूनियन

बीएंडके मे क्षेत्रीय सलाहकार समिति, कल्याण व् सुरक्षा समिति की संयुक्त बैठक

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सीसीएल बीएंडके प्रक्षेत्र के महाप्रबंधक एस के झा ने 2 अप्रैल को क्षेत्रीय सलाहकार समिति, कल्याण समिति और सुरक्षा समिति के साथ संयुक्त बैठक की।

आफिसर्स क्लब करगली में आयोजित समितियों की बैठक में महाप्रबंधक ने सभी यूनियन प्रतिनिधियो को शाॅल ओढ़ाकर सम्मानित किया। महाप्रबंधक ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 मे क्षेत्र द्वारा 83.57 लाख टन कोयला उत्पादन करते हुए सीसीएल स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त किया है। सीसीएल मुख्यालय से चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 मे 100.2 लाख टन कोयला उत्पादन लक्ष्य प्राप्त करने लिए सभी के सहयोग की जरूरत है।

महाप्रबंधक झा ने कहा कि अगर सभी का सहयोग रहा तो कर्मचारियों और अधिकेरियो को प्रेरित कर उत्पादन और संप्रेषण लक्ष्य आसानी से पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि उत्पादन लक्ष्य पर ही क्षेत्र का भविष्य निर्भर है। कहा कि जितना क्षेत्र से कोयला उत्पादन होगा, उतना ही विस्थापितों गांव व आसपास के क्षेत्रों में सीसीएल बीएंडके क्षेत्र विकास करने में सक्षम होगी।

उन्होंने कहा कि आज तक सीसीएल कोयला उत्पादन के साथ -साथ एक परिवार के रूप में मिल जुलकर अधिक से अधिक जरूरतमंदो को सहायता प्रदान करती आ रही है। बीएंडके के सीएसआर व वेलफेयर फंड से भी विस्थापित, ग्रामीण व आसपास के रहिवासियों की सुविधाओं को ख्याल में रखकर योजना को धरातल पर उतारा जाता है। इसलिए उत्पादन लक्ष्य प्राप्त करने से प्रक्षेत्र और पूरी सीसीएल का नाम रोशन होता है। इसे आगे भी बरकरार रखने की जरूरत होगी। कहा कि मजदूरों के सुख, सुविधा और सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाएगा। किसी चीज की आवश्यकता पड़ती है तो प्रबंधन पूरा करने का कार्य करेगी।

बैठक में समिति के सदस्यों ने कहा कि सीसीएल व बीएंडके प्रक्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी प्रबंधन का सहयोग करते आए हैं और आगे भी करते रहेंगे। कहा गया कि उत्पादन के साथ -साथ मजदूरों के सुख, सुविधा और सुरक्षा की भी जिम्मेदारी प्रबंधन की है। कोयला उत्पादन के लिए मजदूरों को समय पर उनके जरूरी संसाधनों को भी उपलब्ध करवाना प्रबंधन का कार्य है। साथ ही खदानों में सुरक्षा का ध्यान रखते हुए पर्याप्त मात्रा में लाइटिग, हाल रोड की व्यवस्था एवं उत्पादन कार्य में लगी मशीन बेहतर हो तो लक्ष्य आसानी से प्राप्त हो जाएगा। समिति के सदस्य प्रबंधन के साथ कंधा से कंधा मिलाकर चलने को तैयार है। कहा गया कि कोयला उत्पादन का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और मुनाफा अरबो मे है, बावजूद इसके प्रबंधन मजदूरो को मिलने वाली सुविधाओं मे लगातार कटौती कर रहा है।

मौके पर जीएम माइनिंग के एस गैवाल, भू-राजस्व पदाधिकारी शंकर झा, प्रबंधक एचआर पी एन सिंह, जिप सदस्य सह यूनियन नेता ओमप्रकाश सिंह उर्फ टीनू सिंह, आभाष चंद्र गांगुली, विजय भोई, सुजीत घोष, सुशील सिंह, गणेश प्रसाद महतो, राहुल कुमार, डोमन पासवान, पंकज महतो, बन्नू महतो, राम निहोरा सिंह, दिलीप मारिक, नागेंद्र गुप्ता, नरेंद्र कुमार, सूरज पासवान, राजेश नायक, मनोज पासवान आदि मौजूद थे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *