Advertisement

कसमार में नकली ब्रांडेड उत्पाद बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़

छापेमारी में भारी मात्रा में नकली सामान बरामद

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र के तेलमुंगा ब्लॉक चौक स्थित एक गोदाम में 11 जुलाई को पुलिस एवं विभिन्न कंपनियों की अधिकृत जांच टीम ने संयुक्त छापेमारी कर नकली ब्रांडेड उत्पादों का निर्माण और कारोबार करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में गोदाम संचालक गौतम कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

बताया जाता है कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने गोदाम से नकली पतंजलि एवं फॉर्च्यून ब्रांड के सरसों तेल, हार्पिक, सर्फ एक्सेल, हजारों की संख्या में विभिन्न कंपनियों के रैपर, खाली बोतलें, केमिकल, पैकिंग मशीनें तथा बड़ी मात्रा में तैयार और अर्द्धनिर्मित नकली उत्पाद बरामद किए।

प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि सस्ते तेल और घटिया गुणवत्ता वाले केमिकल को नामी कंपनियों के पैकेट और बोतलों में भरकर असली उत्पाद के रूप में बाजार में ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। इससे उपभोक्ताओं की सेहत के साथ खिलवाड़ करने के साथ-साथ प्रतिष्ठित कंपनियों को भी आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा था।

कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत के आधार पर कसमार थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि नकली उत्पादों की आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी तथा इस कारोबार में और कौन-कौन शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी छापेमारी और जांच अभियान जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *