Advertisement

गुवा दौरे पर पूर्व सीएम कोड़ा, बेरोजगारी व् मजदूर समस्याओं पर किया मंथन

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने 27 अप्रैल को पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। पुर्व सीएम स्थानीय रहिवासियों से सीधे रू-ब-रू हुए।

जानकारी के अनुसार इस दौरान गुवा रेलवे मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं, बेरोजगारी तथा ठेका मजदूरों के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में गुवा सेल खदान में राकेश पांडेय एवं मां सरला कंस्ट्रक्शन के अधीन कार्यरत ठेका मजदूरों ने अपनी समस्या पूर्व सीएम के समक्ष रखी। मजदूरों ने बताया कि उन्हें काम से बैठा दिया गया है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है।

.. बैठक में कोड़ा ने तत्काल फोन पर संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर काम से हटाए गए मजदूरों को अविलंब वापस लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्थानीय मजदूरों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। पूर्व सीएम ने घोषणा की कि आगामी 5 मई को सेल के अधीन कार्यरत सभी निजी कंस्ट्रक्शन कंपनियों के मालिकों के साथ बैठक की जाएगी। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बाहरी मजदूरों के स्थान पर गुवा क्षेत्र के स्थानीय बेरोजगार युवाओं और मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में बेरोजगारी की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।

मौके पर भाजपा सारंडा मंडल उपाध्यक्ष जय किशन गुप्ता, कैलाश दास, सुदीप दास, राजू चौबे, उदय सिंह, पीयूष साव सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। स्थानीय रहिवासियों ने कोड़ा से क्षेत्र के विकास और रोजगार के लिए ठोस पहल करने की मांग की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *