Advertisement

सोनपुर में कांग्रेस कमेटी द्वारा केंद्र सरकार का पुतला दहन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त निर्देश पर 23 जुलाई की शाम सारण जिला के हद में स्टेशन गेट सोनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया। नेतृत्व कांग्रेस कमेटी (पूर्वी) के अध्यक्ष सुधीर कुमार राय कर रहे थे।

इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो और पेपर लीक चोर, गद्दी छोड़ जैसे जोरदार नारे लगाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सुधीर कुमार राय ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार वर्ष 2017 से अब तक पेपर लीक की घटनाओं को रोकने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब छात्र-छात्राओं ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन किया, तो उन्हें बर्बरतापूर्वक पीटा गया और घसीटा गया।

उन्होंने कहा कि जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सदन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिक्षा के मुद्दे पर चर्चा की मांग की, तो अध्यक्ष ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि वे पहले मोदी सरकार से बात करेंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि न तो सदन के भीतर जनता की बात सुनी जा रही है और न ही जंतर-मंतर पर। वर्तमान सरकार पूरी तरह से बहरी और अंधी हो चुकी है।

पुतला दहन कार्यक्रम में मुख्य रूप से सोनपुर प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा, दरियापुर प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरजा प्रसाद राय, जितेंद्र सिंह, पंकज सिंह परमार, संजीत कुमार राय, रामेश्वर प्रसाद, पंकज यादव, राकेश कुमार, बंटी कुमार, नितेश कुमार, दिवानी सिंह, दिनेश ठाकुर, नवीन सिंह तन्नू सहित दर्जनों अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *