अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने बीते 23 जुलाई को जिला समाहरणालय सभा कक्ष में राजस्व संबंधी समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान जिले के अंचलाधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि दाखिल- खारिज, परिमार्जन और भूमि मापी से संबंधित सभी लंबित मामलों का शत-प्रतिशत निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
जानकारी के अनुसार उक्त बैठक में अभियान बसेरा-2 की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने स्पष्ट किया कि लक्ष्यों की प्राप्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि 25 जुलाई तक 197 बासगीत पर्चों का वितरण हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही आगामी 15 अगस्त तक 1,157 बासगीत पर्चों की तैयारी का कार्य पूर्ण कर लिया जाए।
जिले में दाखिल-खारिज के मामलों में डिफेक्ट चेक की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने संबंधित अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे राजस्व कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में सुधार लाएं और लंबित मामलों को त्वरित रूप से निर्णय तक पहुंचाएं। भूमि मापी के कार्यो में पारदर्शिता लाने के लिए उन्होंने निर्देश दिए कि अमीनों को कार्य के लिए स्पष्ट तिथियां निर्धारित की जाएं। दैनिक प्रतिवेदनों का समेकन कर साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट तैयार की जाए। कहा कि जिला स्तर पर प्रभारी राजस्व पदाधिकारी प्रखंडवार एवं अमीनवार कार्य की निगरानी करेंगे।
बैठक में राजस्व महाअभियान सहित राजस्व प्रशासन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और गति लाना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि आम रहिवासियों को भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े।
![]()













Leave a Reply