Advertisement

बहुड़ा यात्रा के साथ भगवान जगन्नाथ की मंदिर वापसी, श्रद्धालुओं ने ली आशीर्वाद

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड मुख्यालय स्थित विशेश्वर धाम मंदिर में बीते 24 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की बहुड़ा यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया।

बहुड़ा यात्रा के तहत भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के साथ मौसी घर से रथ पर सवार होकर अपने मूल मंदिर लौटे। यात्रा की शुरुआत विशेश्वर धाम मंदिर प्रखंड कॉलोनी स्थित मौसी घर से की गयी। सबसे पहले भगवान बलभद्र, फिर देवी सुभद्रा और अंत में भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा को जयघोष के बीच रथ पर विराजमान कराया गया। इसके बाद रथ एनएच-23 मुख्य मार्ग से होते न्यू बस स्टैंड स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचा, जहां विधि-विधान के साथ भगवान का स्वागत किया गया।

मौसी घर में आठ दिनों के प्रवास के दौरान भगवान जगन्नाथ की प्रतिदिन विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की गई। जगन्नाथ रथ यात्रा प्रबंध समिति ने पूजा-अर्चना एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की थी। धार्मिक मान्यता के अनुसार, प्रत्येक वर्ष आषाढ़ शुक्ल द्वितीया को भगवान जगन्नाथ अपने भाई-बहन के साथ रथयात्रा के माध्यम से मौसी घर जाते हैं और एक सप्ताह के प्रवास के बाद बहुड़ा यात्रा के जरिए पुनः अपने मंदिर लौटते हैं।

मंदिर पहुंचने पर भगवान की विशेष पूजा-अर्चना, भोग अर्पण एवं आरती की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सैकड़ो श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *