Advertisement

आप की बैठक में राम मंदिर चंदा चोरी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान का निर्णय

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। आम आदमी पार्टी बोकारो जिला कमिटी की एक बैठक बीते 12 जुलाई की संध्या आयोजित की गयी। बैठक में अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर में हुए चंदा चोरी प्रकरण पर सघन हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। हस्ताक्षर के बाद सारे प्रपत्र पूरे झारखंड से एकत्र कर प्रधानमंत्री को भेजने का निर्णय लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता आप के बोकारो जिला संयोजक धर्मेंद्र शर्मा तथा संचालन जिला सचिव बैजनाथ गोराई ने की। बैठक के दौरान संगठनात्मक और आंदोलात्मक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में उपस्थित आप के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विहिप और भाजपा राम मंदिर में चंदा चोरी, चढ़ावा चोरी, जमीन घोटाला और कमीशनखोरी में पूर्णतः संलिप्त हैं। इसके असली गुनाहगारों को बचाया जा रहा है। इसके खिलाफ आम आदमी पार्टी देश भर में हस्ताक्षर अभियान चला रही है।

पार्टी के जोनल प्रभारी विधान चंद्र राय ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को हर तरह से लूटने में शामिल है। चंदा चोरी, पेपर लीक और इ-20 द्वारा लूट का धंधा चल रहा है। जिला संयोजक धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर पूरे बोकारो जिले में राममंदिर चढ़ावा चोरी के खिलाफ सभी प्रखंडों में सघन हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।

साथ ही शीघ्र ही जिले की शिक्षा-स्वास्थ्य आदि समस्याओं को लेकर भी आंदोलन किया जाएगा। जिला सचिव बैजनाथ गोराई ने जिले के संगठनात्मक विस्तार और ज्वलंत स्थानीय मुद्दों पर संघर्ष की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में जिला प्रवक्ता मिथिलेश गिरि, अशोक कुमार, भगवान सिंह कुशवाहा, मनौवर अंसारी, राहुल कुमार, रीतेश कुमार, मो. सिराज आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *