Advertisement

लोक संवाद में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर डीसी सख्त, दिए निपटारे के निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 7 अगस्त को हम आपको सुनते हैं (लोक संवाद) कार्यक्रम के तहत प्राप्त शिकायतों एवं उनके निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली। समीक्षा बैठक में डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि लोक संवाद के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि आम रहिवासी अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा लेकर प्रशासन तक पहुंचते हैं, इसलिए किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित रखना स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान किया जाए तथा शिकायतकर्ता को भी कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि सुशासन की मूल भावना यही है कि जन समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान हो तथा आमजनों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत बने।
बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाते हुए आम रहिवासियों को बेहतर, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *