रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदाता है। उसकी पहचान एक सही एवं अद्यतन मतदाता सूची से होती है। इसी उद्देश्य को लेकर जिला निर्वाचन प्रशासन ने 14 जुलाई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत चुनाव पाठशाला तथा बीएलओ-बीएलए बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है।
बोकारो के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर बीते 11 जुलाई को आयोजित विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित बनाना, प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित करना तथा मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना है।
प्रशासन ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे आगामी 14 जुलाई को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि किसी का नाम सूची में दर्ज नहीं है, नाम, उम्र या पते में त्रुटि है, परिवार का कोई नया पात्र सदस्य अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है अथवा किसी मृत या स्थानांतरित का नाम अब भी सूची में दर्ज है, तो इसकी जानकारी तत्काल संबंधित बीएलओ को दें, ताकि समय पर आवश्यक सुधार किया जा सके।
निर्वाचन विभाग का मानना है कि सही मतदाता सूची भविष्य में मतदान के दौरान होने वाली परेशानियों को समाप्त करती है। इससे प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदान का अधिकार सुनिश्चित होता है, फर्जी एवं दोहरे नामों की पहचान आसान होती है और निर्वाचन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनती है। चुनाव पाठशाला के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया, मतदाता अधिकार, निर्वाचन आयोग की व्यवस्थाओं, मतदाता सूची के महत्व तथा नाम जोड़ने, संशोधन कराने और स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी। इससे मतदाता भविष्य में भी अपने मतदाता संबंधी कार्य आसानी से कर सकेंगे।
इस कार्यक्रम में आम मतदाताओं के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बीएलए, पूर्व निर्वाचन अभिकर्ताओं तथा जागरूक रहिवासियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण केवल सरकारी प्रक्रिया न रहकर जन भागीदारी का व्यापक अभियान बन सके। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी चुनाव की पहली शर्त सटीक और अद्यतन मतदाता सूची है। इसलिए प्रत्येक रहिवासी की भागीदारी इस अभियान की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
![]()













Leave a Reply