रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बालीडीह थाना क्षेत्र के गोल पहाड़ी में हथियार बरामदगी के दौरान 2 अप्रैल को पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान कुख्यात अपराधी प्रिंस गुप्ता उर्फ भाटिया ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की और गोली प्रिंस के पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार कई लुटकांड के आरोपी प्रिंस उर्फ भाटिया को पुलिस ने पहले ही हिरासत में लिया था। उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने के लिए एसआईटी टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान उसने पुलिस को एक पिस्टल देने के बाद दूसरे हथियार से अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, हालांकि वाहन में गोली लगी।
बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि प्रिंस गुप्ता अमन साहू, प्रिंस खान और प्रकाश शुक्ला गैंग से जुड़ा था और व्यवसायियों से रंगदारी वसूलने का काम करता था। पुलिस ने इस मामले में 7 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
![]()













Leave a Reply