अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। छठ पर्व को लेकर पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल के हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय सहित विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर विशेष व्यवस्था की गई हैं।
सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार के नेतृत्व में मंडल प्रशासन द्वारा छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए बहुआयामी कदम उठाए गए हैं। इस क्रम में रेल मंडल के हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय एवं खगड़िया स्टेशनों पर विशाल होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जिनमें यात्रियों के ठहरने के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। इन क्षेत्रों में पीने के स्वच्छ पानी, चिकित्सा सहायता, स्वच्छ शौचालय तथा बैठने की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इसके अलावा सभी प्रमुख स्टेशनों एवं होल्डिंग एरिया को सीसीटीवी कैमरों से सुसज्जित किया गया है, जिससे निरंतर निगरानी सुनिश्चित हो सके। सफाई एवं स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण प्राप्त हो। ट्रेनों की सूचना एवं अनाउंसमेंट प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया गया है, जिससे यात्रियों को समय पर जानकारी मिल सके। भीड़-भाड़ के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त टिकट बुकिंग काउंटर खोले गए हैं।

रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ एवं जीआरपी सुरक्षा दल निरंतर गश्त कर रहे हैं तथा नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त रेलवे अधिकारी व् स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। सोनपुर रेल मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर 24×7 निगरानी एवं नियंत्रण कक्ष के माध्यम से व्यवस्था की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सोनपुर अमित सरन ने अपने संदेश में कहा है कि छठ पर्व के दौरान यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। ऐसे में रेलवे का दायित्व है कि प्रत्येक यात्री को सुरक्षित, सहज एवं स्वच्छ यात्रा अनुभव प्राप्त हो। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे पूरी तत्परता के साथ यात्रियों की सहायता सुनिश्चित करें। सोनपुर मंडल द्वारा की गई इन तैयारियों का उद्देश्य है कि छठ पर्व पर यात्रियों को सर्वोत्तम सुविधा, सुरक्षा एवं सहजता प्रदान की जा सके तथा रेलवे की सेवाओं पर जनविश्वास और मजबूत हो।
![]()













Leave a Reply