Advertisement

डीसी ने विद्यालय का निरीक्षण कर शिक्षकों को दिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 2 नवंबर को जिला के हद में पीएमश्री एसएस +2 उच्च विद्यालय कसमार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षण गतिविधियों एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों के बीच प्रेरणादायक एवं प्रभावी तरीके से अध्यापन करने का निर्देश दिया। साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक पहल करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों को संबोधित करते हुए डीसी ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पाठ्य-पुस्तकों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। उनके ज्ञानवर्धन एवं व्यक्तित्व विकास के लिए महापुरुषों की जीवनी, ऐतिहासिक कहानियों तथा देश की महान उपलब्धियों के बारे में भी चर्चा की जानी चाहिए। इससे विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, राष्ट्रप्रेम एवं जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा विकसित होगी।

उन्होंने विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों से विद्यालय की समस्याओं तथा शैक्षणिक व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की। बाल संसद के प्रधानमंत्री एवं स्कूल इनोवेशन काउंसिल के स्कूल कैप्टन से भी संवाद कर विद्यालय की शिक्षा-व्यवस्था एवं समस्याओं के बारे में जानकारी ली।

औचक निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त झा ने विद्यालय की प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने लोकतंत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में आस्था रखने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के संबंध में भी जानकारी दी।

इस दौरान डीसी ने विद्यार्थियों से उनके माता-पिता एवं अन्य परिवारजनों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदाता सूची के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ रणजीत कुमार झा को विद्यालय की शिक्षा-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए समुचित प्रयास करने का निर्देश दिया। कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण तैयार करना आवश्यक है। कहा कि विद्यालयों में शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, सामाजिक चेतना एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना भी है। शिक्षकों को अपने अध्यापन को अधिक प्रभावी एवं प्रेरणादायक बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए।

जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि एसआईआर एवं मतदाता सूची से संबंधित जागरूकता लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विद्यार्थियों के माध्यम से परिवारों तक मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा सकता है। प्रखंड विकास पदाधिकारी नम्रता जोशी ने कहा कि विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं शिक्षकों को समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता है।

प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ रणजीत कुमार झा ने कहा कि उपायुक्त के निरीक्षण एवं मार्गदर्शन से विद्यालय की शिक्षा-व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। विद्यालय परिवार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पीएमश्री नोडल शिक्षक डॉ अवनीश कुमार झा ने कहा कि पीएमश्री विद्यालयों में नवाचार आधारित शिक्षा, विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं कौशल विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी बोकारो, अंचल अधिकारी कसमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पीएमश्री नोडल शिक्षक सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिका एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *