रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा द्वारा बीएस सिटी थाना में 2 नवंबर को वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अनुसंधान कार्यों की प्रगति और थाना की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण में पुलिस उपाधीक्षक नगर, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन करने, गंभीर मामलों की प्राथमिकता से जांच पूरी करने तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज करने का निर्देश दिया गया। वहीं सक्रिय अपराधियों की पहचान कर निगरानी प्रस्ताव तैयार करने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती और सघन वाहन जांच अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा लंबित वारंट, समन एवं न्यायालयीय आदेशों के त्वरित निष्पादन की समीक्षा की गई। ई-समन और ई-साक्ष्य प्रणाली के प्रभावी उपयोग तथा सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया। पुलिसकर्मियों के अनुशासन, कार्यक्षमता और आम जनों के प्रति व्यवहार की भी समीक्षा की गयी। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनने और पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
![]()













Leave a Reply