रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त श्री विजय कुमार गुप्ता ने सोमवार को बोकारो परिसदन में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक कर राजस्व संग्रह में तेजी लाने, लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में आयुक्त ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करें और राजस्व वसूली में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने खनन, उत्पाद, परिवहन एवं अन्य राजस्व से जुड़े विभागों को अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने तथा राजस्व संग्रह बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने कहा कि डीएमएफटी मद से संचालित विकास योजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए ताकि आम जनता को उनका लाभ मिल सके। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान SIR-2026 की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में पूरी गंभीरता से जुटने का निर्देश दिया।
समीक्षा में बताया गया कि बोकारो जिले में अब तक 91.59 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण तथा 65.37 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है। आयुक्त ने शेष कार्य भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितकारी व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करें।
![]()













Leave a Reply