Advertisement

स्वच्छता पखवाड़ा के तहत चीरूडीह बड़का बांध तालाब में चला स्वच्छता अभियान

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त कुलदीप चौधरी (Bokaro district Deputy Commissioner Kuldeep Choudhary) के निर्देश पर नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत जिले में गंगा (दामोदर) स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इस क्रम में 26 मार्च को बोकारो जिला के हद में नावाडीह प्रखंड के चीरूडीह बड़का बांध तालाब में स्वच्छता अभियान चलाया गया।

स्वच्छता अभियान की अगुवाई नावाडीह के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी ने किया। उनके साथ स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि व काफी संख्या में महिला – पुरूष उपस्थित थे। सभी ने मिलकर तालाब व उसके आस पास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। आस पास की गंदगी को झाड़ू लगाकर साफ किया।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को तालाब एवं नदियों समेत अन्य जल श्रोतों को स्वच्छ बनाने के लिए संकल्प दिलाया। जिसमें कहा गया कि अपने क्षेत्र के गंगा (दामोदर नदी व अन्य जल श्रोतों) तटीय स्थान को साफ-सुथरा रखूँगा एवं यहाँ रहने वाले लोगों को भी नदी एवं तलाबो को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करूँगा।

दामोदर नदी व अन्य जल श्रोत में कूड़ा कचरा व पॉलिथिन नहीं डालूँगा। पर्यावरण संरक्षण के लिए “सिंगल यूज प्लास्टिक” का प्रयोग नहीं करूँगा। हमेशा कपड़े के थैले का प्रयोग करूँगा। अपने घर के गंदे पानी के निपटान के लिए सोख्ता गड्ढा बनवाऊँगा।

नदियों में बची हुई पूजा सामग्री व केमिकल से बनी मूर्तियाँ विसर्जित नहीं करूँगा। बची हुई पूजा सामग्री को पौधों के लिए खाद के रूप में प्रयोग में लाऊँगा। खुले में शौच के स्थान पर शौचालय का प्रयोग करूँगा। इसका उपस्थित सभी लोगों ने दोहराव किया।

जानकारी के अनुसार आगामी 28 मार्च को नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत गंगा (दामोदर) स्वच्छता पखवाड़ा के तहत चंद्रपुरा अंचल में आमजनों की जागरूकता के लिए दामोदर नदी घाट की साफ सफाई/श्रमदान आदि का आयोजन किया जाएगा। उल्लेखनीय हो कि, बीते 16 मार्च से 30 मार्च तक बोकारो जिले में गंगा (दामोदर) स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *