Advertisement

अंचल अधिकारी एवं जिला प्रेक्षक ने कसमार के बूथ 267 एवं 268 का किया निरीक्षण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बोकारो जिला के हद में गोमिया विधानसभा क्षेत्र के कसमार प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 267 एवं 268 का 15 जुलाई को सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ)-सह-अंचल अधिकारी, कसमार नरेंद्र कुमार सिंह एवं जिला प्रेक्षक किशोर कांत ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।

बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान उपरोक्त दोनों अधिकारियों ने बूथ पर चल रहे गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण, डिजिटाइजेशन एवं अभिलेखों के संधारण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्देश दिया कि सभी पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ना सुनिश्चित करें और किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटने न पाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बीएलओ को घर-घर संपर्क कर मतदाताओं से निर्धारित समय पर गणना प्रपत्र प्राप्त करने, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करने तथा कार्य में पारदर्शिता एवं शत-प्रतिशत गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एईआरओ -सह-अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी बीएलओ पूरी जिम्मेदारी एवं निष्पक्षता के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। कहा कि अभियान को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा करना हमारी प्राथमिकता है।

जिला प्रेक्षक किशोर कांत ने कहा कि बीएलओ की भूमिका इस अभियान में अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रत्येक घर तक पहुंचकर सही जानकारी संकलित करना और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य करना आवश्यक है। सभी अधिकारी एवं कर्मी पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य करें, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध एवं अद्यतन बन सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *