रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। चिन्मय मिशन ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। बीते 9 मई को आयोजित वैश्विक आध्यात्मिक कार्यक्रम में एक साथ सबसे अधिक श्रद्धालुओं द्वारा ऑनलाइन मंत्रोच्चार कर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया, जिसमें चिन्मय विद्यालय बोकारो की भूमिका उल्लेखनीय रही। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की आधिकारिक पुष्टि के बाद पूरे बोकारो में खुशी और गर्व का माहौल है।
इस उपलब्धि पर चिन्मय मिशन बोकारो की आवासीय आचार्या स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष बिस्वरूप मुखोपाध्याय, सचिव महेश त्रिपाठी, प्राचार्य सूरज शर्मा, वरीय उप-प्राचार्य नरमेंद्र कुमार तथा उप-प्राचार्य डॉ रोशन शर्मा ने सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों को साधुवाद दी।
यह आयोजन चिन्मय संस्था के परम पूज्य गुरुदेव स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती की 110वीं जयंती के उपलक्ष्य में चिन्मय गीता समर्पणम् के तहत किया गया, जिसमें विश्वभर के साधकों ने ऑनलाइन जुड़कर श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय पुरुषोत्तम योग का सामूहिक पाठ किया। स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती ने इसे भगवान श्रीकृष्ण की कृपा और गुरुदेव के आशीर्वाद का परिणाम बताया। जानकारी के अनुसार चिन्मय मिशन अपने 75वें स्थापना वर्ष चिन्मय अमृत महोत्सव के तहत लगातार आयोजन कर रहा है, जिससे भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति का व्यापक प्रसार हो रहा है।
![]()













Leave a Reply