रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास नगर निगम क्षेत्र के अमृत पार्को की बदहाल स्थिति अब खुलकर सामने आ गई है। मेयर भोलू पासवान ने जब 2 अप्रैल को यहां के विभिन्न पार्कों का निरीक्षण किया, तो वहां की स्थिति देखकर नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान टूटी हुई बेंच, जंग लगे झूले, जगह-जगह उगी जंगली घास और जिम हॉल की जगह मैरिज हॉल का संचालन होते पाया गया। इन अनियमितताओं को देखकर मेयर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और संवेदकों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि पार्को के रखरखाव में भारी लापरवाही बरती जा रही है, जो बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मेयर ने आरोप लगाया कि पार्को के लिए जारी 3 साल के टेंडर को मनमाने तरीके से 10 साल तक बढ़ा दिया गया, जो पूरी तरह नियमों के खिलाफ है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ऐसे सभी टेंडरों की जांच कर उन्हें रद्द किया जाएगा। इस अवसर पर चास नगर निगम के मेयर भोलू पासवान ने कहा कि अमृत पार्कों की जो स्थिति मैंने देखी है, वह बेहद चिंताजनक है।
जनता के लिए बनाए गए इन पार्को को निजी स्वार्थ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। कहा कि 3 साल के टेंडर को 10 साल तक बढ़ाना पूरी तरह गलत है। ऐसे सभी टेंडर रद्द किए जाएंगे और जरूरत पड़ी तो नगर निगम खुद पार्को का संचालन संभालेगा। मेयर ने अधिकारियों को जल्द से जल्द सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया और चेतावनी दी कि अगर जल्द हीं स्थिति में सुधार नहीं किया गया, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
![]()













Leave a Reply