रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 17 जुलाई को जिला के हद में चास प्रखंड की चाकुलिया पंचायत स्थित मूर्तीटांड़ टोला आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य, एएसडीडी सूची तैयार करने तथा अन्य निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त झा ने संबंधित अधिकारियों, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर को निर्देश दिया कि मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा एएसडीडी सूची पूरी तरह त्रुटिरहित तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक कार्य पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ संपादित हो।
इस अवसर पर डीसी ने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र मतदाता छूटेगा नहीं और कोई भी अपात्र मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए। उन्होंने घर-घर जाकर सत्यापन करने, आवश्यक दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक मिलान करने तथा सभी योग्य का नाम मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि एसआईआर-2026 लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अभियान है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित कर्मी पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ कार्य करें, ताकि बोकारो जिले की मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित तैयार हो सके।
![]()













Leave a Reply