Advertisement

बिना टिकट यात्रियों पर बड़ा शिकंजा, एक दिन में ₹30 लाख की वसूली

बीते 20 जुलाई को 3393 मामले, अब तक 19 करोड़ से अधिक की राजस्व वसूली

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। रेलवे में बिना टिकट यात्रा करने वालों की अब खैर नहीं है। बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल ने सख्ती तेज कर दी है। यात्रियों को सुरक्षित और नियम सम्मत यात्रा सुविधा देने तथा रेल राजस्व की सुरक्षा के लिए रेल मंडल में मेगा टिकट जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार के निर्देशन में बीते 20 जुलाई को सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, मानसी, खगड़िया, नवगछिया सहित विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया गया।

बताया जाता है कि अभियान के दौरान वाणिज्य विभाग, टिकट जांच कर्मियों और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने सघन जांच की। इस दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट और बिना उचित प्राधिकार के यात्रा कर रहे 3,393 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे ₹30,01,980 का राजस्व वसूल किया गया।

रेल प्रशासन के अनुसार, जुलाई माह में 20 जुलाई तक ही सोनपुर रेल मंडल में कुल 41,948 मामलों में कार्रवाई कर ₹3.67 करोड़ से अधिक का राजस्व प्राप्त किया गया है। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक कुल 2,67,031 मामलों में ₹19.17 करोड़ से अधिक की वसूली की जा चुकी है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेल नियमों का पालन करें। बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करने पर रेलवे अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और पारदर्शी सेवा देने के लिए ऐसे विशेष जांच अभियान जारी रहेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *