Advertisement

उद्घाटन की राह देख रहा बड़ाजामदा का नया बस स्टैंड, देखरेख के अभाव में जर्जर

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में बड़ाजामदा के भट्टीसाई स्थित नया बस स्टैंड वर्षों से उद्घाटन का इंतजार कर रहा है। यात्रियों की सुविधा के उद्देश्य से बनाए गए इस बस स्टैंड का निर्माण तो पूरा हो गया, लेकिन आज तक इसे आम जनों के लिए शुरू नहीं किया गया है।

परिणामस्वरूप करोड़ों की लागत से तैयार यह यात्री सुविधा केंद्र अनुपयोगी होकर बदहाली का शिकार बन गया है। बस स्टैंड परिसर में यात्री शेड समेत कई आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई थीं, ताकि यात्रियों को धूप, बारिश और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों से राहत मिल सके। लेकिन लंबे समय से बंद पड़े रहने के कारण परिसर में झाड़ियां उग आई हैं और भवन की स्थिति भी धीरे-धीरे जर्जर होती जा रही है। देखरेख के अभाव में पूरा परिसर वीरान नजर आता है।
स्थानीय रहिवासियों का कहना है कि यदि बस स्टैंड का संचालन शुरू हो जाए तो यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

साथ ही बड़ाजामदा की यातायात व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित हो सकेगी। आरोप है कि संबंधित विभाग और जिला प्रशासन की उदासीनता के कारण यह महत्वपूर्ण परियोजना वर्षों से अधर में लटकी है। स्थानीय रहिवासियों ने चाईबासा जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि नए बस स्टैंड का जल्द उद्घाटन कर इसे आम जनों के लिए चालू किया जाए। साथ ही परिसर की साफ-सफाई, मरम्मत और नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकारी धन का सदुपयोग हो सके और यात्रियों को इस सुविधा का वास्तविक लाभ मिल सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *