रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। इस्पात नगर बोकारो में 24 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की बाहुड़ा-यात्रा (वापसी यात्रा) अपार श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। बाहुड़ा-यात्रा में श्रद्धालुओं का अपार जनसमूह सड़को पर उतर आया।
इस अवसर पर सेक्टर वन राम मंदिर के समीप मौसी बाड़ी से विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा एवं भ्राता बलभद्र की पवित्र प्रतिमाओं को मंदिर प्रांगण से बाहर लाकर सुसज्जित रथ पर विराजमान किया गया। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व परंपरा के अनुसार बीएसएल के अधिशासी निदेशक (सामग्री प्रबंधन) द्वारा छेरा-पन्हारा की रस्म पूरी श्रद्धा से निभाई गई। इस अवसर पर बोकारो महिला समिति की सदस्याएं, गणमान्य रहिवासी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नगरवासियों के सहयोग से यह यात्रा जनवृत्त-1 स्थित राम मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर पत्थरकट्टा चौक, गांधी चौक (सिटी सेंटर) और बोकारो जनरल अस्पताल मार्ग से होते जगन्नाथ मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भक्ति भाव से रथ खींचते नजर आए। विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं शीतल शरबत की व्यवस्था की थी। यह आयोजन बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का प्रेरक उदाहरण बन गया है।
![]()













Leave a Reply