Advertisement

मंजूरा के रथ यात्रा महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, पूर्व विधायक ने की पूजन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मंजूरा पंचायत में आयोजित पारंपरिक रथ यात्रा महोत्सव में 16 जुलाई को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो महोत्सव में शामिल हुए और भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दिव्य रथ का दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की।

इस दौरान पूर्व विधायक ने रथ की परिक्रमा कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ महतो ने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से आत्मीय मुलाकात कर रथ यात्रा की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन स्थल पर जय जगन्नाथ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज एवं कुंदा पंचायत के मुखिया अकेश्वर महतो भी उपस्थित रहे और भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रथ खींचकर भगवान जगन्नाथ की आराधना की। प्रशासन एवं आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था भी की गई थी। पूरे आयोजन में भक्ति, उल्लास और सामाजिक सौहार्द का सुंदर वातावरण देखने को मिला।

ज्ञात हो कि, रथ यात्रा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और जन-आस्था का महान उत्सव है। भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की कृपा से पूरे क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और भाईचारा बना रहे। मंजूरा की रथ यात्रा क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान है। इस आयोजन में शामिल होकर श्रद्धालुओं के साथ भगवान जगन्नाथ का दर्शन करना सौभाग्य की बात है। भगवान सभी के जीवन में खुशहाली और उन्नति प्रदान करें। रथ यात्रा महोत्सव में सभी समुदाय के रहिवासी मिलकर भाग लेते हैं, जिससे आपसी प्रेम और भाईचारा मजबूत होता है। भगवान जगन्नाथ की कृपा से क्षेत्र निरंतर विकास और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़े।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *