Advertisement

नगर परिषद चुनाव में बहु ने सास को दी पटखनी

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर नगर परिषद चुनाव बाद संपन्न मतगणना के बाद उलटफेर देखने को मिला। चुनाव में अपनी रिश्ते की सासू माँ को पटखनी देकर बहु वार्ड पार्षद बनी।

हाजीपुर के आर एन कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर 20 दिसंबर को मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद और वार्ड पार्षद के चुनाव परिणाम जानने के लिये उम्मीदवार के साथ उनके समर्थकों की काफी भीड़ जमी रही। नगर परिषद हाजीपुर के मुख्य पार्षद पद पर संगीता कुमारी विजयी रही।

संगीता कुमारी पूर्व में भी हाजीपुर नगर परिषद की सभापति रह चुकी है। वे भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उन्होंने जदयू समर्थित शुचित्रा चौधरी सहित अन्य उम्मीदवारो को चुनाव में पराजित किया।

हाजीपुर नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद के पद पर पहली बार चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रही कंचन कुमारी पहले प्रयास में हीं विजयी रही। कंचन कुमारी वैशाली जिला कांग्रेस के महासचिव मनुरंजन कुमार उर्फ चिन्टूजी की धर्मपत्नी है।

सबसे दिलचस्प हाजीपुर नगर परिषद वार्ड क्रमांक एक का रहा। यहां का चुनाव परिणाम चौकाने वाला रहा, जहाँ से बहु ने अपनी सास को पराजित कर पार्षद के पद पर चुनाव जीत लिया।

विदित हो कि, वार्ड क्रमांक एक से हाजीपुर नगर परिषद की पूर्व सभापति और मुजफ्फरपुर के सांसद अजय निषाद की धर्म पत्नी रमा निषाद इस बार नगर परिषद के मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद का पद अनुसूचित जाति की महिला के लिये आरक्षित होने की वजह से वार्ड एक से पार्षद पद का चुनाव लड़ रही थी।

उनके सामने खड़ी अपनी चचेरी पतोहू ज्योत्स्ना कुमारी से वे पराजित हो गई। बताया जाता है कि उनके चुनाव प्रचार में उनके संसद पति और नगर भाजपा विधायक ने घर घर घूम कर वोट मांगा था, बावजूद इसके यहां के मतदाता ने उन्हें पुरी तरह नकार दिया और उनकी बहु को स्वीकारा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *